बनबसा मिलिट्री स्टेशन में अग्निवीर भर्ती रैली का दूसरा दिन संपन्न

बनबसा मिलिट्री स्टेशन में अग्निवीर भर्ती रैली का दूसरा दिन संपन्न

स्थान : बनबसा (टनकपुर)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के सीमांत जनपद चम्पावत स्थित बनबसा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे दिन युवाओं में देश सेवा का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार को पिथौरागढ़ जनपद की विभिन्न तहसीलों से आए सैकड़ों युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया।

भर्ती रैली में लगभग 700 से अधिक अभ्यर्थियों ने जनरल ड्यूटी, ट्रेडमैन और तकनीकी पदों के लिए मैदान में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे परिसर में अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा।

शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान दौड़, बीम, लंबी कूद और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर युवाओं की परीक्षा ली गई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 550 से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर अगले चरण के लिए अपनी पात्रता सुनिश्चित की।

यह संपूर्ण भर्ती आयोजन मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है।

रैली स्थल पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता और आवश्यक मार्गदर्शन की भी व्यवस्था की गई है, ताकि भर्ती प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके।

भर्ती में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने समस्त आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाने के निर्देश पूर्व में ही जारी कर दिए गए थे। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकपत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), एनसीसी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) और संबंध प्रमाण पत्र शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त राज्य या राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।

सभी शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सामूहिक संदेश के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही भेजे जा चुके हैं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। युवाओं में देश सेवा के प्रति उमड़ा जोश इस रैली की सफलता का प्रतीक बनकर सामने आया है।