उर्मिला सनावर के बयान के बाद फिर गरमाया अंकिता भंडारी हत्याकांड, कांग्रेस ने उठाए नए सवाल

उर्मिला सनावर के बयान के बाद फिर गरमाया अंकिता भंडारी हत्याकांड, कांग्रेस ने उठाए नए सवाल

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। उर्मिला सनावर द्वारा दिए गए बयान के बाद इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति और कानून-व्यवस्था पर नए सिरे से बहस शुरू हो गई है। इसी बीच उत्तराखंड के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन का बयान भी सामने आया है।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन ने कहा कि अंकिता भंडारी मामले में सरकार द्वारा तत्काल प्रभावी कार्रवाई की गई थी। एक वरिष्ठ महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया, घटना में संलिप्त सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और यह सुनिश्चित किया गया कि प्रभावी पैरवी के जरिए किसी भी अभियुक्त को जमानत न मिल सके।

वहीं, इस पूरे मामले को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद गणेश गोदियाल ने कहा कि पुलिस द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण से कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने सबसे बड़ा सवाल यह उठाया कि वनंतरा रिसॉर्ट का वह कमरा, जिसमें अंकिता भंडारी रहती थी, आखिर किसके आदेश पर तोड़ा गया। उन्होंने कहा कि उस कमरे में अहम सबूत मौजूद थे और यदि उन्हें नष्ट करने के उद्देश्य से कमरा तोड़ा गया, तो यह बेहद गंभीर मामला है।

गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री धामी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या मुख्यमंत्री यह मान चुके हैं कि सबूत नष्ट करवाए गए। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और सभी सवालों के स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर प्रदेश का सियासी माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीति और तेज होने के आसार हैं।