लोहाघाट में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, दुष्यंत गौतम का पुतला दहन, गिरफ्तारी की मांग

लोहाघाट में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, दुष्यंत गौतम का पुतला दहन, गिरफ्तारी की मांग

स्थान : लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। चंपावत कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोहाघाट के वीर कालू सिंह चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत गौतम और स्थानीय विधायक रेणु बिष्ट की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सबसे चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम उर्फ गट्टू के रूप में सामने आना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौंड द्वारा किए गए खुलासे, जिसमें वंतरा रिसोर्ट पर स्थानीय विधायक रेणु बिष्ट के इशारे पर बुलडोजर चलाए जाने की बात कही गई है, यह साबित करता है कि अंकिता के हत्यारों को राज्य सरकार और पुलिस का संरक्षण प्राप्त है।

चिराग फर्त्याल ने कहा कि भाजपा एक ओर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, जबकि दूसरी ओर एक बेटी के हत्यारों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह धोनी, नवीन जोशी, लोकेश पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।