


स्थान – कोटद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आने के बाद कोटद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता दुष्यंत गौतम और प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।



कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए आरोपों के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी एंगल फिर से उजागर हुआ है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने भाजपा नेता दुष्यंत गौतम और स्थानीय विधायक रेणु बिष्ट की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।



इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव (आईटी सेल) नीरज बहुगुणा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम उर्फ गट्टू का नाम सामने आने से यह स्पष्ट हो गया है कि हत्याकांड के आरोपियों को राज्य सरकार और पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण इस मामले की सीबीआई जांच नहीं कराई गई।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता को अब तक न्याय नहीं मिला है और सरकार लगातार सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

पुतला दहन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।




