


स्थान – रानीखेत
रिपोर्ट – संजय जोशी


प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय दिलाने, हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी का नाम उजागर करने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए।



इसी कड़ी में रानीखेत कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गांधी चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियाँ लेकर नारेबाजी की और कहा कि अंकिता को न्याय दिलाए बिना कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।



वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का नारा केवल दिखावा बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी के साथ इतनी क्रूरता होती है और वर्षों बाद भी उसे न्याय नहीं मिलता, तो यह सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। कांग्रेस ने मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।



कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलता और दोषियों को सजा नहीं दी जाती, यह संघर्ष सड़कों पर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, ग्राम प्रधान वलना प्रीति पंत, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी, अगस्त लाल साह, त्रिभुवन शर्मा, निवर्तमान व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीपक पंत, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




