

स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला कथित “वीआईपी एंगल” को लेकर गरमा गया है, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप–प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।



पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताने वाली सनोवर नाम की महिला ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि जिस रात अंकिता भंडारी की हत्या हुई, उस रात वहां ‘गट्टू’ नाम का एक व्यक्ति आने वाला था। महिला ने इशारों-इशारों में इस व्यक्ति को ‘वीआईपी’ से जोड़ने की बात कही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।



उधर, विकासनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अंकिता को अब तक न्याय नहीं मिला है और सरकार सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने मामले में सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा है कि जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और उत्तराखंड की बेटी को न्याय मिल सके।




फिलहाल, कथित वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।



