

स्थान – खटीमा
रिपोर्ट -अशोक सरकार


जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा में देर शाम एसडीएम तुषार सैनी और तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने ढाबों पर अवैध रूप से शराब पीने वाले लोगों और शराब पिलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। यह कार्रवाई उस समय सामने आई जब यह स्पष्ट हुआ कि आबकारी विभाग अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह बना हुआ है और आवश्यक कदम नहीं उठा रहा।



जानकारी के अनुसार, खटीमा के कई गांवों में अवैध कच्ची शराब और स्मैक का प्रचलन आम हो चुका है। रेलवे पटरियों के आसपास खुलेआम शराब और स्मैक बेचे जा रहे हैं, बावजूद इसके आबकारी विभाग ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। इस स्थिति में एसडीएम और तहसीलदार को खुद ही कार्रवाई करनी पड़ी।



अवैध शराब बनाने वाली भट्टियां खुलेआम चल रही हैं और सूचना देने के बावजूद आबकारी इंस्पेक्टर मूकदर्शक बने हुए थे। यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गृह क्षेत्र खटीमा है, और यहां अवैध शराब और स्मैक का कारोबार खुलकर जारी है।



विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए, जो आबकारी विभाग की उपेक्षा के चलते खटीमा को अवैध शराब और स्मैक का हब बनने दे रहे हैं।

एसडीएम और तहसीलदार की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की सकारात्मक पहल माना जा रहा है।



