

स्थान – नैनीताल

ब्यूरो रिपोर्ट


एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल में साप्ताहिक परेड का आयोजन कर पुलिस जवानों की फिटनेस, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और वेपन हैंडलिंग की दक्षता का गहन आकलन किया। परेड के माध्यम से जवानों को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने का संदेश दिया गया।



परेड के दौरान नैनीताल जनपद के सभी संवर्गों—थानों, पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू और परिवहन शाखा के जवानों ने भाग लिया। महिला, पुरुष और यातायात पुलिस की अलग-अलग टोलियां बनाकर ड्रिल और वेपन हैंडलिंग का अभ्यास कराया गया। वेपन हैंडलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महिला आरक्षी रेखा निखुरपा और किरन मेहता को एसएसपी द्वारा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।



इस मौके पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पुलिस फोर्स के प्रत्येक कर्मचारी को शस्त्र संचालन में निपुण होना चाहिए। उन्होंने जवानों से कहा कि वे हर स्थिति के लिए स्वयं को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रखें। उन्होंने महिला कर्मियों को विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं को कमजोर न समझें, मजबूत हौसला रखें और शस्त्रों की पूरी जानकारी रखें।


परेड के दौरान सभी प्रभारियों द्वारा उपयोग में लाए जा रहे सरकारी वाहनों की लॉग बुक, फिटनेस और मेंटेनेंस की भी जांच की गई। संबंधित अधिकारियों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप वाहनों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।


इसके बाद एसएसपी नैनीताल ने पुलिस लाइन के मेस का निरीक्षण किया और मेस प्रभारी को जवानों के लिए सीजनल सब्जियां एवं शुद्ध पहाड़ी व्यंजन तैयार करने के निर्देश दिए।



इस परेड में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित सभी थाना, चौकी व शाखा प्रभारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



