हरिद्वार में अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, यूपी सिंचाई विभाग की भूमि से हटाए गए अवैध कब्जे

हरिद्वार में अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, यूपी सिंचाई विभाग की भूमि से हटाए गए अवैध कब्जे

स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। धामी सरकार के निर्देशों के तहत सोमवार को यूपी सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन चलाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी और सिंचाई विभाग की जमीन पर बने अतिक्रमणों को चिन्हित कर उन्हें हटाया गया।

इस कार्रवाई के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने साफ शब्दों में कहा कि हरिद्वार में किसी भी स्थिति में सरकारी या सिंचाई विभाग की भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।

प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम लोगों ने सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत किया है।