खटीमा में बढ़ते नशे पर विधायक भुवन चंद्र कापड़ी की सख्त मांग, स्मैक तस्करों पर विशेष अभियान चलाने का आग्रह

खटीमा में बढ़ते नशे पर विधायक भुवन चंद्र कापड़ी की सख्त मांग, स्मैक तस्करों पर विशेष अभियान चलाने का आग्रह

स्थान – खटीमा

रिपोर्ट – अशोक सरकार

सीमांत क्षेत्र खटीमा में बीते कुछ समय से नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से स्मैक जैसे घातक नशे ने क्षेत्र की युवा पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिससे न केवल युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है, बल्कि अपराधों में भी लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। नशे की लत के चलते चोरी, लूट, मारपीट, हत्या जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और आम नागरिकों में भय का माहौल बनता जा रहा है।

चिंता की बात यह है कि तमाम प्रयासों के बावजूद नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वाले तत्व खुलेआम सक्रिय नजर आ रहे हैं, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बने हुए हैं। इसी को लेकर क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने खटीमा में स्मैक एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोरतम कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

विधायक कापड़ी ने कहा कि संदिग्ध क्षेत्रों और नशे के हॉटस्पॉट्स पर नियमित गश्त और सघन चेकिंग की जाए। साथ ही नशा तस्करों को संरक्षण देने वाले व्यक्तियों की भी गहन जांच कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने विश्वास जताया कि यदि प्रशासन द्वारा ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाते हैं, तो खटीमा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में सफलता मिलेगी और अपराधों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।