मुख्यमंत्री धामी ने पूरी की लोहाघाट की वर्षों पुरानी मांग84 करोड़ की सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री धामी ने पूरी की लोहाघाट की वर्षों पुरानी मांग84 करोड़ की सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को मिली मंजूरी

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट नगरवासियों की बरसों पुरानी सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगरवासियों को बड़ी सौगात देते हुए अमृत 2.0 के अंतर्गत लोहाघाट टाउन पम्पिंग वाटर सप्लाई स्कीम को स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 84 करोड़ 44 लाख 67 हजार रुपये निर्धारित की गई है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से जुड़े 9 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें लोहाघाट की सरयू लिफ्ट पेयजल योजना भी शामिल है। योजना के तहत सरयू नदी से राइजिंग मेन का निर्माण चार चरणों में किया जाएगा, जिससे लोहाघाट नगर को स्थायी और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

योजना को हरी झंडी मिलते ही लोहाघाट नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश बंगोली, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकरिया सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि लोहाघाट नगर लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा था। नगरवासियों को लोहावती नदी का दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ता था, जो वह भी महीने में मात्र 15 दिन ही उपलब्ध हो पाता था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट दौरे के दौरान इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए योजना की घोषणा की थी, जिसे अब अमल में लाया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदर्श जिला चंपावत योजना के तहत क्षेत्र के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की स्वीकृति से लोहाघाट की जनता को बड़ी राहत मिलेगी और वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके लिए समस्त लोहाघाट क्षेत्र की जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।