

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के लोहाघाट में रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। कालाकोट से लोहाघाट के राय नगर चौड़ी की ओर सूखी घास ले जा रहे ट्रक में लोहाघाट डिग्री कॉलेज रोड पर पेयजल निगम कार्यालय के पास अचानक आग लग गई। बताया गया कि सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से निकली चिंगारी ट्रक में लदी सूखी घास पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी।



घटना के समय वाहन चला रहे अर्जुन सिंह ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जलते ट्रक को तुरंत आबादी क्षेत्र से दूर खड़ा कर दिया और 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही लोहाघाट से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।




इस हादसे में ट्रक में लदी पूरी सूखी घास जलकर राख हो गई, हालांकि ट्रक को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया। वाहन चालक अर्जुन सिंह करायत ने बताया कि वह घास लेकर राय नगर चौड़ी जा रहा था, तभी पेयजल निगम कार्यालय के पास बिजली के पोल से निकली चिंगारी घास पर गिरी और आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग से उनके वाहन को भी नुकसान पहुंचा है।



फायर कर्मी सुनील जोशी ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। वहीं राय नगर चौड़ी के पूर्व प्रधान भैरव दत्त राय ने बताया कि आग से घास पूरी तरह जल गई, जिससे घास स्वामी राजेंद्र कापड़ी को करीब 30 से 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र कापड़ी की आर्थिक स्थिति कमजोर है और प्रशासन से उन्हें मुआवजा देने की मांग की है।


आग बुझाने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी फायर ब्रिगेड का पूरा सहयोग किया, जिससे स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पाया जा सका।




