

रिपोर्टर : पंकज सक्सेना
स्थान : हल्द्वानी


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर कई होटल और ढाबों में अवैध रूप से शराब बेची और पिलाई जा रही है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।



बताया जाता है कि इससे पहले नगर मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त रिचा सिंह ने ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध रूप से बिक रही शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इस धंधे पर रोक लगाई थी। लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद शराब तस्करों ने फिर से अवैध शराब की बिक्री शुरू कर दी है।



स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के पीछे पिछले कई वर्षों से लगातार शराब होटल संचालित हो रहे हैं, जहां खुलेआम शराब बेची और पिलाई जाती है। पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई को लोग केवल “खानापूर्ति” बता रहे हैं, जिससे शराब माफिया के हौसले बुलंद हैं।


सूत्रों के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध रूप से शराब लाने और बेचने का धंधा बड़े पैमाने पर चल रहा है, जिससे आबकारी विभाग को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। अवैध रूप से बेची जा रही शराब के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार की जानकारी होने के बावजूद आखिर इसकी जिम्मेदारी किस अधिकारी की है। अब देखना यह होगा कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत प्रशासन और पुलिस इस अवैध धंधे पर कब तक सख्ती से कार्रवाई करती है।



