हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क हादसों ने जनप्रतिनिधियों को किया सक्रिय, छतरी चौक और सर्विस रोड निर्माण की मांग तेज

हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क हादसों ने जनप्रतिनिधियों को किया सक्रिय, छतरी चौक और सर्विस रोड निर्माण की मांग तेज

स्थान -लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

लालकुआँ–नैनीताल–बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हल्दूचौड़ क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को सक्रिय कर दिया है।

पूर्व विधायक नवीन दुमका, ग्राम प्रधान रुक्मणि नेगी और समाजसेवी पीयूष जोशी ने एक स्वर में छतरी चौक निर्माण और दोनों ओर सर्विस रोड बनाए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि हल्दूचौड़ चौराहा दर्जनों गांवों की जीवनरेखा है, जहां रोज़ाना स्कूली बच्चे, किसान, बुजुर्ग और व्यापारी राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते हैं।

पूर्व विधायक नवीन दुमका ने कहा, “यह केवल सड़क का मुद्दा नहीं, बल्कि आम जनता की जान का सवाल है। जब तक छतरी चौक और सर्विस रोड नहीं बनती, दुर्घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं। प्रशासन को तुरंत ठोस कदम उठाने होंगे।”

ग्राम प्रधान रुक्मणि नेगी ने कहा, “ग्रामीण हाईवे पार करते समय डर महसूस करते हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग हर दिन खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं। विकास के नाम पर लोगों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

समाजसेवी पीयूष जोशी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही छतरी चौक और सर्विस रोड का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो जनआंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने प्रशासन और एनएचएआई से तुरंत निर्णय लेकर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।

हल्दूचौड़ के दर्जनों गांवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए यह मांग वर्षों से लंबित है, लेकिन अब सब्र का बांध टूट चुका है। सवाल यह है कि क्या हादसों के बाद ही जागेगा सिस्टम, या समय रहते हल्दूचौड़ को मिलेगा सुरक्षित चौराहा।