


संवाददाता- मुकेश रावत
स्थान- धनोल्टी

जौनपुर (टिहरी)— जौनपुर विकासखंड के ब्लॉक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, लोक निर्माण, उद्यान, सहकारिता और उरेडा सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।




जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल बैठक में उपस्थित रहीं और विभागवार समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे
- नैनबाग पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड करने की मांग जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने रखी।
- ग्राम प्रधान चंद्रप्रकाश चमोली ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा देने की आवश्यकता बताई।
- ग्राम प्रधान सुनील सेमवाल ने श्रीकोट में पशुधन अधिकारी के अभाव की समस्या रखी।
- क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार ने लोक निर्माण विभाग द्वारा हाल ही में भरे गए गड्ढों के एक सप्ताह में दोबारा उखड़ने पर नाराज़गी जताई।
- सदस्य विपिन पंवार ने श्रीकोट में 9 वर्षों से उद्यान सचल अधिकारी न होने का मुद्दा उठाया।




- क्षेत्र पंचायत सदस्य गंभीर सिंह नेगी ने सकलाना क्षेत्र में दैविक आपदा के बाद ग्रामीणों द्वारा बनाए गए मार्गों के भुगतान लंबित होने का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आवारा घूम रहे टैग वाले पशुओं के मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की।
- ग्राम प्रधान मुकेश पंवार ने केम्प्टी–थत्यूड़ (अवशेष 3 किमी) मोटर मार्ग का कार्य न होने पर असंतोष व्यक्त किया। इस पर डीएम ने कहा कि संबंधित मद का बजट दिसंबर तक जारी कर दिया जाएगा।
- ग्राम प्रधान राजकुमारी ने विरोड आंगनबाड़ी केंद्र के भवन न होने की समस्या सामने रखी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को विभिन्न शिकायतों व मांगों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।





