शिशु मंदिर ऋषिकेश में हुआ ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम, महिलाओं में आत्मशक्ति का जागरण

शिशु मंदिर ऋषिकेश में हुआ ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम, महिलाओं में आत्मशक्ति का जागरण

स्थान- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

आवास विकास स्थित स्वामी नित्यानंद सरस्वती शिशु मंदिर में सोमवार को ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मशक्ति का जागरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता उप-प्रधानाचार्य मंजू बडोला और जिला विधिक कार्यकर्ता सुनीता बंसल ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और आत्मनिर्भरता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में नारी शक्ति को शिक्षित और सशक्त बनाना समाज के विकास की पहली शर्त है।

कार्यक्रम की अध्यक्ष और समाजसेवी मोनिका मित्तल ने कहा कि महिलाओं में अपार शक्ति निहित है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और दिशा देने की है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपनी भूमिका को मजबूती से निभाएं।

विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम अनेजा ने कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता और प्रेरणा का संचार करते हैं।

बता दें कि विद्या भारती अपने 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिनका उद्देश्य शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के मूल्यों को सशक्त करना है।