

स्थान : नरेंद्रनगर
एंकर : वाचस्पति रयाल

49वें श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला की सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन सुनील ग्रोवर उर्फ गुत्थी और डॉ. गुलाटी का जलवा देखने को मिला। मेला में आए दर्शकों को सुनील ने अपनी चुटीली मिमिक्री और चंकी संवादों से लोटपोट कर दिया।



सुनील ग्रोवर ने इस खास अवसर पर द कपिल शर्मा शो के कई लोकप्रिय सीन स्टेज पर हूबहू प्रस्तुत किए, जिससे दर्शकों की हंसी रुकने का नाम नहीं ले रही थी। ‘वंस मोर’ की फरमाइश पर दर्शकों ने देर रात तक अपने चहेते कलाकार के साथ मेला की रात को यादगार बना दिया।


मशहूर कॉमेडियन जैसे ही मंच पर पहुंचे, दर्शकों ने उन्हें जोरदार तालियों से स्वागत किया। गुत्थी के किरदार से मशहूर हुए सुनील ने दर्शकों को खूब हंसाया। इसके साथ ही, उन्होंने द कपिल शर्मा शो में अपने प्रसिद्ध डॉ. गुलाटी और मिमिक्री वाले किरदारों की भी यादें ताजा की।



सुनील ने मंच पर केबीसी के अमिताभ बच्चन की स्टाइल में संवाद बोले, जिसे दर्शकों ने खासा पसंद किया। इसके बाद, उन्होंने “हिंदुस्तान चूड़ियां” वाले गीत पर युवा दर्शकों को ठुमका लगाने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान, कई युवतियां और नन्हीं बालिकाएं मंच पर चढ़ आईं और सुनील के साथ डांस किया।


गुत्थी के किरदार में सुनील ने महिलाओं के सलवार सूट में एक्ट किया और गुलाबी शरारा गीत पर भी शानदार नृत्य किया। इस मस्ती भरे माहौल ने दर्शकों को एक बेहतरीन मनोरंजन अनुभव दिया।


वन मंत्री सुबोध उनियाल ने सुनील का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस पर सुनील ने कहा कि वह पहले भी इस मेले में प्रस्तुति दे चुके हैं और उत्तराखंड आकर उन्हें लगता है कि जैसे अपने घर आए हों। उन्होंने यहां की खूबसूरत आबोहवा का भी जिक्र किया और कहा कि पहाड़ों ने बॉलीवुड को कई स्टार दिए हैं।



इस दौरान सुनील ने कई प्रशंसकों को ऑटोग्राफ भी दिए और कुछ के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इस शानदार सांस्कृतिक संध्या में नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, राजेंद्र विक्रम पंवार, साकेत बिजल्वाण, महेश गुसाईं सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


