
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


दीपावली पर्व के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही बैंक, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बैंक प्रबंधकों, सर्राफा व्यवसायियों और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


गोष्ठी के दौरान एसपी हरबंस सिंह ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों और बैंकों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने बैंक प्रबंधकों को संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही नए बैंक खाते खोलते समय खाताधारकों के पते और दस्तावेजों का उचित सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




बैठक में म्यूल बैंक खातों के माध्यम से होने वाले संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बैंकों को संदिग्ध लेन-देन की पहचान के लिए प्रभावी अलर्ट सिस्टम विकसित करने तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। इसके अलावा संदिग्ध धनराशि के हस्तांतरण को रोकने के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।



पुलिस अधिकारियों ने बैंक से बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे अधिक नकदी निकालने वाले ग्राहकों को सतर्क रहने, अनजान व्यक्तियों से सावधानी बरतने और किसी के बहकावे में न आने के लिए जागरूक करें। यदि किसी ग्राहक को अपने पीछे किसी संदिग्ध व्यक्ति के आने या अन्य असामान्य गतिविधि का आभास होता है तो वह तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा नजदीकी थाने को सूचना दे।


सर्राफा व्यवसायियों को भी सुरक्षा संबंधी विशेष सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि दीपावली के दौरान आभूषणों की खरीदारी बढ़ने के कारण सर्राफा बाजारों में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्राहकों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सभी बैंक प्रबंधकों को प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने और बैंक के बाहरी परिसर में भी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सुरक्षा गार्डों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने और एटीएम के बाहर लगे कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।



एसपी हल्द्वानी ने बैंक परिसरों में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी लेन-देन के लिए आने वाले बुजुर्ग ग्राहकों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी दें। इसके अलावा बैंकों में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, आवश्यक चेकिंग करने और अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को बैंक परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।


त्योहारी सीजन में बाजारों की सुरक्षा को लेकर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी को पटेल चौक, सदर बाजार और अन्य प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में लगातार गश्त करने तथा फड़-ठेली संचालकों का समय-समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया। एसएसपी ने जनपद के सभी संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में बैंक प्रबंधकों एवं सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं।
गोष्ठी में हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, काठगोदाम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल और मुखानी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे। वहीं नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में पुलिस का सहयोग करें। बैंक या एटीएम से बड़ी धनराशि निकालते समय सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें।

