कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

स्थान: हरिद्वार
रिपोर्ट: धर्मराज

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिद्वार आज भक्तिभाव और आस्था से सराबोर नजर आया। तड़के से ही हर की पौड़ी समेत शहर के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दूर से आए लाखों श्रद्धालु पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।

गंगा घाटों पर “हर-हर गंगे” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु स्नान के बाद गंगा आरती में शामिल होकर अपने परिवार और समाज की मंगलकामनाएं कर रहे हैं।

वहीं प्रशासन भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही ड्रोन कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है।

सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने स्वयं घाटों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ पुलिस अधिकारी और नगर निगम के कर्मचारी भी मौजूद रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर हरिद्वार पूरी तरह आस्था, श्रद्धा और प्रकाश के रंग में रंगा हुआ है — जहां गंगा तटों पर आस्था के दीप जगमगा रहे हैं और हर मन में भक्ति की लहरें उमड़ रही हैं।