काशीपुर मंडी समिति में धान खरीद को लेकर किसानों का हंगामा, एसएमआई को झुकना पड़ा

काशीपुर मंडी समिति में धान खरीद को लेकर किसानों का हंगामा, एसएमआई को झुकना पड़ा

स्थान : काशीपुर
रिपोर्टर : अज़हर मलिक

काशीपुर मंडी समिति में एक बार फिर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। धान खरीद में नंबर कटौती और अव्यवस्था को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया। नाराज़ किसानों ने एसएमआई कार्यालय के बाहर अपनी धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी और मंडी की व्यवस्था पूरी तरह ठप कर दी।

किसानों का आरोप है कि उनका नंबर लगने के बावजूद उनका धान नहीं खरीदा जा रहा है, जबकि रसूखदारों और किसान यूनियन से जुड़े लोगों के वाहनों को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका धान तुरंत खरीदा जा रहा है, जिससे आम किसानों में भारी आक्रोश फैल गया।

किसानों ने बताया कि उनका धान खतौनी में दर्ज है और ट्रॉली में वही धान लाकर खड़ा किया गया है, फिर भी खरीद प्रक्रिया में उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। जब किसानों ने शिकायत लेकर एसएमआई से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझा और न ही किसानों से मिलने की कोशिश की।

बाद में जब किसानों को एसएमआई की लोकेशन का पता चला, तो वे सभी एकजुट होकर वहां पहुंचे। मौके पर किसानों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक वार्ता चली। किसानों की नाराज़गी और विरोध को देखते हुए आखिरकार एसएमआई को झुकना पड़ा और उन्होंने किसानों की शिकायतें सुनने और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पारदर्शी व्यवस्था लागू नहीं की गई और धान खरीद में भेदभाव जारी रहा, तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देंगे। इस घटना के बाद मंडी क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है।