चमोली में भव्य रूप से मनाई गई इगास बग्वाल, लोक संस्कृति की झलक ने बांधा समां

चमोली में भव्य रूप से मनाई गई इगास बग्वाल, लोक संस्कृति की झलक ने बांधा समां

स्थान : चमोली

जिला प्रशासन चमोली की ओर से शनिवार को पारंपरिक इगास बग्वाल पर्व का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन गोपेश्वर पुलिस मैदान में किया गया, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की शुरुआत गोपीनाथ संगीतशाल के कलाकारों द्वारा इगास गीत और झुमैलो नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद राजराजेश्वरी सहायता समूह, बालेश्वर स्वयं सहायता समूह और गोपीनाथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि किसी भी राज्य के लोकपर्व उसकी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा कि इगास बग्वाल पर्व गढ़वाल की वीरता और शौर्य की याद दिलाता है, साथ ही उन्होंने सभी जनपदवासियों को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने इगास बग्वाल के इतिहास और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले दलों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इसके बाद पारंपरिक ढोल-दमाऊं की ताल पर अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर ‘भेलो खेल’ के माध्यम से इगास बग्वाल पर्व को उल्लासपूर्वक मनाया।

इस मौके पर परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह, अधिशासी अधिकारी मानवेंद्र सिंह, और जिला प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी धीरेंद्रनाथ द्विवेदी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।