

स्थान गदरपुर ।
रिपोर्टर महेंद्र पाल सिंह ।



गदरपुर स्थित 15 बटालियन एनडीआरएफ परिसर में आयोजित 1 मिनट गेम प्रतियोगिताओं का शनिवार को सफल समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कमांडेंट सुदेश कुमार दराल ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।



कमांडेंट दराल ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान 1 मिनट ड्रिल और तैराकी (स्विमिंग) की कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में 13 बटालियन एनडीआरएफ, लुधियाना (पंजाब) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तैराकी में सभी 11 मेडल अपने नाम किए। वहीं 1 मिनट ड्रिल प्रतियोगिता का गोल्ड मेडल मेजबान 15 बटालियन एनडीआरएफ गदरपुर ने जीता।



उन्होंने कहा कि इन खेलों का मुख्य उद्देश्य जवानों और अधिकारियों में खेल भावना विकसित करना, टीम भावना को मजबूत करना और शारीरिक दक्षता बनाए रखना है।



इस मौके पर 13 बटालियन एनडीआरएफ लुधियाना के स्विमिंग कोच हेड कांस्टेबल जीडी रामकुमार ने बताया कि तैराकी की सभी 11 प्रतियोगिताओं में उनकी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि 15 बटालियन परिसर में प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता में खेल आयोजन का अनुभव सभी के लिए यादगार रहा।

कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में एनडीआरएफ के अधिकारी, जवान और अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




