पुलिस स्मृति दिवस पर नैनीताल में अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस पर नैनीताल में अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

नैनीताल।पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर मंगलवार, 21 अक्टूबर 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में उन वीर पुलिस जवानों को नमन किया गया, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने की। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि इन वीरों के बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लेंगी।

जानकारी के अनुसार, 01 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 तक देशभर में 186 पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए हैं। इस दौरान उत्तराखंड पुलिस विभाग के शहीद जवानों के नाम और उनकी वीरगाथाएं भी पढ़कर सुनाई गईं।

राज्य से ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जवानों के नाम इस प्रकार हैं –

  1. अपर गुल्मनायक स्व. पुष्कर चंद्र जोशी, IRB रामनगर
  2. अपर उपनिरीक्षक (पुलिस दूरसंचार) स्व. संजीव नयन जगूड़ी, जनपद रुद्रप्रयाग
  3. आरक्षी 106 स.पु. स्व. धनराज, जनपद उधमसिंह नगर
  4. आरक्षी 79 ना.पु. स्व. गोकुल लाल, जनपद चंपावत

कार्यक्रम में एसएसपी नैनीताल ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी

इस अवसर पर एसपी अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हल्द्वानी श्री प्रकाश चंद्र, सीओ नैनीताल श्री अमित कुमार, सीओ लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल, सीओ हल्द्वानी श्री नितिन लोहनी, सीओ रामनगर श्री सुमित पांडे, सीओ हाईकोर्ट श्री राकेश बिष्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री गौरव किरार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए अमर वीर जवानों को नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर उनकी वीरता और समर्पण को श्रद्धांजलि दी।