


रिपोर्ट: भगवान सिंह
पौड़ी गढ़वाल

कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में बुधवार को एजेंसी चौक से बस अड्डा तक अग्निवीर भर्ती के विरोध में जन जागरण रथ यात्रा आयोजित की। इसमें पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।




वक्ताओं ने कहा कि अग्निवीर योजना के कारण देश के युवा बेरोजगारों के साथ अन्याय हो रहा है और यह देश हित में नहीं है। उन्होंने योजना से युवाओं को होने वाले नुकसान गिनाए और कहा कि भाजपा सरकार ने सेना में भर्ती को लेकर युवाओं का उत्साह कम कर दिया है।




कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अग्निवीर भर्ती की जगह फौज में नियमित भर्ती की जाए। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा के लिए घातक बताते हुए कहा कि वर्तमान योजना युवाओं को अनिश्चित भविष्य की ओर धकेल रही है। कर्नल नेगी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद इस योजना को बंद कर पुरानी नियमित भर्ती व्यवस्था लागू करेगी।

जन जागरण रथ यात्रा को चार चरणों में प्रदेश के गढ़वाल, कुमाऊं और तराई के सभी जनपदों में ले जाया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सैनिक विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष विनोद नेगी, कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष बलवीर सिंह पंवार, कैप्टन मातबर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राजपाल सिंह रावत, पूर्व सैनिक ब्लाक अध्यक्ष हवलदार गोविंद सिंह रावत, पूर्व सैनिक जिला अध्यक्ष पौड़ी रणवीर लाल और अन्य शामिल थे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों की भागीदारी रही।




