अखिल भारतीय महापौर परिषद की कार्यकारिणी में दीपक बाली बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, नगर में हुआ भव्य स्वागत

अखिल भारतीय महापौर परिषद की कार्यकारिणी में दीपक बाली बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, नगर में हुआ भव्य स्वागत

रिपोर्टर: अज़ीम खान

लोकेशन: काशीपुर

अखिल भारतीय महापौर परिषद के सत्र 2025 की नई कार्यकारिणी में काशीपुर के महापौर दीपक बाली को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर नगर निगम सभागार में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के समस्त पार्षदगण, विभिन्न सामाजिक संगठन और वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली का फूलमाला, पुष्प गुच्छ और शॉल ओढ़ाकर जोरदार स्वागत किया गया। सभागार में उपस्थित लोगों ने उनके चयन को उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण बताया।

पत्रकारों से बातचीत में महापौर दीपक बाली ने कहा कि “जिस विश्वास के साथ मुझे अखिल भारतीय महापौर परिषद का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वह पूरे उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं और यह उपलब्धि काशीपुर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अजय बन्नू ने कहा कि “पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी को विकास पुरुष के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब यह उपाधि महापौर दीपक बाली को मिल गई है, जिन्होंने काशीपुर में विकास की गंगा बहाई है।”

पूर्व सेनानी एकता समिति के सचिव सुरेंद्र संधू ने कहा कि “दीपक बाली जैसी दूरदर्शी सोच रखने वाले व्यक्ति बहुत कम होते हैं। उनकी कार्यकुशलता और जनसेवा भाव ने उन्हें जनता का प्रिय बना दिया है। सेनानी एकता समिति उनके उज्जवल भविष्य की कामना करती है।”

नगरवासियों और संगठनों ने दीपक बाली के नेतृत्व में काशीपुर के निरंतर विकास की उम्मीद जताई है।