


लोकेशन – ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी


शहर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें 8 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रकरण में उसकी पहचान सोशल मीडिया पर उजागर कर दी गई। कुछ लोगों ने पीड़िता के घर जाकर उसका और परिजनों का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह घटना शहर में चिंता का विषय बनी हुई है।



पुलिस कप्तान अजय सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए। पुलिस ने पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अज्ञातों की पहचान करने के प्रयास में जुट गई है।



पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बताया कि दुष्कर्म और POCSO एक्ट एवं BNS के तहत पीड़िता की पहचान उजागर करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वीडियो वायरल किया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो फॉरवर्ड या शेयर करने वाले सभी लोगों से इसे तुरंत डिलीट करने का निर्देश दिया। अन्यथा उनके विरुद्ध पोक्सो एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी ऐसी सामग्री को शेयर न करें और कानून का सहयोग करें।



