पुलिस की मिलीभगत से चल रहा नशे और जुए का कारोबार”

पुलिस की मिलीभगत से चल रहा नशे और जुए का कारोबार”

स्थान- लामाचौड़ फतेहपुर कमलवागाजा

लामाचौड़, फतेहपुर और कमलवागाजा क्षेत्र में अवैध ज़हरीली शराब और स्मैक का कारोबार खुलेआम चल रहा है। इतना ही नहीं, फतेहपुर जंगल समेत 3–4 जगहों पर जुए के ठिकाने भी सक्रिय हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर इसमें पुलिस की मिलीभगत नहीं है, तो फिर इन अड्डों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?

हिंदूवादी नेता विपिन पांडे ने कहा कि क्षेत्र में ज़हरीली शराब और स्मैक की बिक्री को लेकर वे काफी समय से पुलिस और प्रशासन को शिकायत दे रहे हैं। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि इस नशे के कारण कई युवा अपनी जिंदगी खत्म कर चुके हैं, कई घर उजड़ गए हैं और सैकड़ों परिवार बर्बादी की कगार पर हैं। बावजूद इसके, पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

पांडे ने आरोप लगाया कि पुलिस कभी-कभी छापेमारी कर दिखावा करती है। हाल ही में फतेहपुर क्षेत्र से 250 पाउच जहरीली शराब बरामद की गई थी। छापे के बाद 2–3 दिन तक कारोबार बंद रहता है, लेकिन फिर वही सिलसिला दोबारा शुरू हो जाता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस इनसे मिली नहीं है, तो फिर चौकियों के आसपास 500 मीटर की दूरी में जहरीली शराब की बिक्री कैसे हो रही है?

पांडे ने यह भी कहा कि जुए के ठिकानों की जानकारी पुलिस को पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन खुलेआम जुआ आज भी चल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो स्थानीय लोग आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।