गंगोत्री धाम के नज़दीक, राहत की कोई व्यवस्था नहीं

गंगोत्री धाम के नज़दीक, राहत की कोई व्यवस्था नहीं

स्थान- उत्तरकाशी
रिपोर्ट- दीपक नौटियाल

धराली आपदा के बाद उत्तरकाशी के हेल्गू गाढ़ क्षेत्र से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां 15 से 20 गायें टापू पर फंसी हुई हैं, जिनमें से कई भूख और प्यास से तड़प-तड़पकर मौत के मुंह में समा चुकी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आपदा के दिनों से ही ये गायें यहां फंसी हुई हैं, लेकिन आज तक किसी ने भी इनकी सुध नहीं ली। प्रतिदिन भूख से जूझ रही ये गायें दम तोड़ रही हैं और टापू इनकी कब्रगाह बनता जा रहा है।

आपदा मित्र राजेश रावत के आग्रह पर जिला प्रशासन ने एक बार टीम भेजी थी, लेकिन फॉरेस्ट विभाग से अस्थाई पुल बनाने के लिए पेड़ काटने की अनुमति न मिलने के कारण रेस्क्यू अभियान अधर में अटक गया। इसके बाद से अब तक कोई प्रयास नहीं हुआ।

गौरतलब है कि गंगोत्री धाम जैसे पवित्र स्थल के नज़दीक होने के बावजूद, आपदा के बाद इन गायों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब कई संगठन गायों के नाम पर रोज़ी-रोटी कमाते हैं, तो इन बेबस और बेज़ुबान पशुओं के लिए कोई आवाज़ क्यों नहीं उठ रही?