अरविन्द यादव बोले – “हर झूठ की एक मियाद होती है”

अरविन्द यादव बोले – “हर झूठ की एक मियाद होती है”

स्थान – बाजपुर
रिपोर्ट – जसीम खान

समाजवादी पार्टी यूथ बिग्रेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविन्द यादव ने सपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आज़म खां की रिहाई पर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला न सिर्फ आज़म खां और उनके परिवार के लिए राहतभरा है, बल्कि उन सभी लोगों के लिए भी खुशी का अवसर है जो इंसाफ में भरोसा रखते हैं।

यादव ने अदालत का दिल से शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह निर्णय न्याय में विश्वास को मजबूत करता है। उन्होंने टिप्पणी की कि फर्जी मुकदमे गढ़ने वालों को भी अब सबक मिल गया है कि हर झूठ और हर साजिश की एक मियाद होती है।

सपा नेता ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग सामाजिक सौहार्द और भावनात्मक एकता के प्रतीक होते हैं, वे भाजपा को कभी अच्छे नहीं लगते। उन्होंने विश्वास जताया कि आज़म खां अब फिर से उपेक्षित, पीड़ित और वंचित वर्ग की आवाज बनेंगे और भाजपा व उसके सहयोगियों द्वारा किए जा रहे दमन के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे।

अरविन्द यादव ने कहा कि आज़म खां हमेशा की तरह समाजवादी मूल्यों और सिद्धांतों के साथ सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे और देश व उत्तर प्रदेश में भावनात्मक एकता के प्रतीक बने रहेंगे।