अध्यक्ष पद पर एबीवीपी का कब्ज़ा, अभिषेक गोस्वामी विजयी

अध्यक्ष पद पर एबीवीपी का कब्ज़ा, अभिषेक गोस्वामी विजयी

स्थान- हल्द्वानी
रिपोर्ट- ऋषि कपूर

एम.बी.पी.जी. कॉलेज, हल्द्वानी में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव 2025-26 का महासंग्राम संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद की प्रतिष्ठित लड़ाई में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) प्रत्याशी अभिषेक गोस्वामी ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने कुल 145 वोट हासिल कर एनएसयूआई (NSUI) प्रत्याशी कमल बोरा को पराजित किया।

सुबह से ही कॉलेज परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। मतदान केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की लंबी कतारें लगीं और मतदान को लेकर जोश देखते ही बन रहा था। दोपहर तक मतदान पूरा होने के बाद मतगणना का दौर शुरू हुआ।

शाम होते-होते जैसे ही परिणाम घोषित हुए, एबीवीपी समर्थक झूम उठे। कॉलेज कैंपस ढोल-नगाड़ों, पटाखों और जोरदार नारों से गूंज उठा। छात्रों ने विजयी प्रत्याशी अभिषेक गोस्वामी को कंधों पर उठाकर जोरदार स्वागत किया।

दूसरी ओर, हार का सामना करने वाले प्रत्याशी कमल बोरा के समर्थक मायूस नज़र आए।

इस जीत के साथ ही एक बार फिर से कुमाऊँ के सबसे बड़े महाविद्यालय में एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा जमाकर अपना दबदबा कायम कर लिया है।