

स्थान : ऋषिकेश


शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतवाली ऋषिकेश पुलिस और रेपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने शुक्रवार को संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। यह फ्लैग मार्च देहरादून वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया।



आरएएफ 108 बटालियन मेरठ के कमांडेंट धन सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी और सीओ ऋषिकेश संदीप सिंह नेगी के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुज़रा। फ्लैग मार्च देहरादून रोड, चन्द्रेश्वर नगर, चन्द्रभागा, त्रिवेणी घाट, जयराम आश्रम, बनखण्डी, पुराना रेलवे स्टेशन और नटराज चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त के रूप में संपन्न हुआ।


फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए अधिकारियों ने अपील की कि यदि कोई व्यक्ति या समूह शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। पुलिस ने आश्वासन दिया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



मार्च में कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार राणा, उपनिरीक्षक विनय शर्मा, अवर उपनिरीक्षक मनीष पंवार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य जनता में विश्वास कायम करना और यह स्पष्ट संदेश देना था कि शहर में कानून व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।


