

देहरादून, 6 सितंबर — उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून के दौरान आई आपदाओं से हुए व्यापक नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालयीय टीम 8 सितंबर को राज्य का दौरा करेगी। टीम राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी और क्षति का प्रत्यक्ष जायजा लेगी।



केंद्र से आ रही यह उच्च स्तरीय टीम राज्य के छह जिलों — उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल — का दौरा करेगी। इन जिलों में हाल ही में भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं के कारण जान-माल और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है।



राज्य सरकार ने केंद्र को आपदा राहत हेतु विस्तृत रिपोर्ट भेजी थी, जिसके आधार पर यह टीम भेजी जा रही है। टीम स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात करेगी और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेगी।



केंद्र को भेजी जाएगी रिपोर्ट

निरीक्षण के बाद यह टीम केंद्र सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर राज्य को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार को उम्मीद है कि केंद्रीय सहायता राशि से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी।



