

स्थान- खटीमा उधम सिंह नगर

संवाद्दाता-अशोक सरकार




पैगम्बर हज़रत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर खटीमा में जश्ने ईद मिलादुन्नबी बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया।

शहर की गलियों, मोहल्लों, घरों और इबादतगाहों को खूबसूरत रोशनी और सजावट से सजाया गया। नूरी मस्जिद और जामा मस्जिद से शुरू होकर जुलूस खटीमा के मुख्य मार्गों से होते हुए निकाला गया। नारों और तकबीर की गूंज के बीच शहर में अमन, शांति और सौहार्द का पैगाम फैलाया गया।


जुलूस में बच्चे, युवा और बुज़ुर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान कई जगहों पर लंगर का आयोजन किया गया, जहाँ राहगीरों और प्रतिभागियों को भोजन वितरित किया गया। जुलूस में शामिल युवाओं के हाथों में इस्लामी झंडों के साथ-साथ देश की शान तिरंगा भी लहरा रहा था, जो गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक बना।
शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा और जुलूस के साथ सुरक्षा के मद्देनज़र लगातार गश्त करता रहा, जिससे यातायात और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर देश में अमन, चैन, शांति और आपसी भाईचारे की दुआएं की गईं।




