

देहरादून, 6 सितंबर।

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शासन ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की यात्रा को आज से पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। मौसम के साफ होने और मार्गों के दुरुस्त होने के बाद यह फैसला लिया गया है।



राज्य सरकार ने दोनों धामों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था को भी आज से शुरू कर दिया है, जिससे श्रद्धालु अपनी यात्रा के लिए पहले से पंजीकरण कर सकते हैं।




हालांकि, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को लेकर अभी कुछ इंतजार करना होगा।

इन क्षेत्रों में मौसम और मार्गों की स्थिति अभी सामान्य नहीं हो पाई है। स्थिति सामान्य होते ही गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा भी शुरू कर दी जाएगी।


शासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल पंजीकरण के बाद ही यात्रा करें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।



