

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रामनगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो महिलाओं को 16 किलो से अधिक अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की गई है।



रामनगर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्जिया पुलिस चौकी इंचार्ज गगनदीप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोहान रोड पर चेकिंग अभियान चलाया।


इस दौरान परमजीत कौर, निवासी गड्ढा कॉलोनी, काशीपुर तथा बबीता शर्मा, निवासी मधुबन नगर, काशीपुर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं के पास से कुल 16 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।


कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने स्पष्ट किया कि रामनगर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा, और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।




