भारी बारिश ने मचाया तांडव: चकराता क्षेत्र में 16 ग्रामीण मार्ग बंद, राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी

भारी बारिश ने मचाया तांडव: चकराता क्षेत्र में 16 ग्रामीण मार्ग बंद, राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी

स्थान-चकराता/देहरादून,
पहाड़ों से लेकर मैदान तक हो रही मूसलधार बारिश ने पूरे क्षेत्र में तबाही मचा दी है। जगह-जगह हो रहे भूस्खलन और पहाड़ों से गिरते मलबे के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र चकराता बना हुआ है, जहां हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

चकराता क्षेत्र में भारी भूस्खलन के कारण अब तक 16 ग्रामीण सड़क मार्ग बंद पड़े हुए हैं। मलबा गिरने की घटनाएं लगातार जारी हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

राहत कार्य जारी, 30 से अधिक JCB मशीनें तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग की टीमें राहत कार्यों में युद्धस्तर पर जुटी हैं। 30 से अधिक जेसीबी मशीनों को सड़कें खोलने के काम में लगाया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से संपर्क बहाल किया जा सके।

प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही सभी मार्गों को सुचारु कर दिया जाएगा और आवश्यक सुविधाएं प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएंगी। फिलहाल, लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

भविष्य में और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं। प्रशासन सतर्क है और आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट पर रखा गया है।