हरिद्वार के गुघाल मेले में झूला टूटा, दो मासूम गंभीर घायल

हरिद्वार के गुघाल मेले में झूला टूटा, दो मासूम गंभीर घायल

स्थान :- हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता :- मनोज कश्यप

ज्वालापुर क्षेत्र के गुघाल मेले में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे झूले के अचानक टूटने से दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मेले में भगदड़ और अफरातफरी का माहौल बन गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को करीब आधे घंटे बाद मिली।

घायल बच्चों को आनन-फानन में हरिद्वार के रानीपुर मोड़ स्थित सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक बच्चे के दोनों पैरों की हड्डियां टूटने और दूसरे के मुंह व सिर में गंभीर चोट की पुष्टि की।

घायल बच्चे ने बताया कि झूले में बैठने के दौरान झूले से तेज आवाज आ रही थी। जब उसने और उसके भाई ने झूले को रोकने की गुहार लगाई, तो झूले संचालक ने रफ्तार और बढ़ा दी। इसी बीच झूला टूट गया और दोनों नीचे गिर पड़े।

पीड़ित के परिजन संदीप कुमार ने बताया कि झूले में पहले से खराबी थी, लेकिन संचालक ने लापरवाही बरती। हादसे के बाद लोगों ने बच्चों को उनके पास पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना फिटनेस जांच के झूले को अनुमति देने पर प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अब सवाल उठ रहे हैं कि मेले की चकाचौंध और मुनाफे की दौड़ में बच्चों की जान जोखिम में क्यों डाली जा रही है।

परिजनों और लोगों ने मांग की है कि झूले संचालक और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा मानक लागू किए जाएं।