

अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी गुरुवार को वेनेजुएला के खिलाफ खेले गए मैच के बाद भावनात्मक नजर आए। मैच के बाद उन्होंने FIFA वर्ल्ड कप 2026 में खेलने को लेकर कहा, “जैसा कि मैंने पहले कहा था, मुझे नहीं लगता कि मैं खेल पाऊंगा। इसकी मुख्य वजह मेरी उम्र है, लेकिन मैं इसमें खेलने के लिए उत्साहित और प्रेरित हूं।”


अर्जेंटीना में यह मेसी का आखिरी मुकाबला था। ब्यूनस आयर्स के मैदान में अर्जेंटीना ने वेनेजुएला को 3-0 से हराया। मैच की शुरुआत से ही मेसी शानदार फॉर्म में नजर आए। उन्होंने 39वें मिनट में गोल कर स्कोर को 1-0 किया। 76वें मिनट में लौटारो मार्टिनेज ने दूसरा गोल दागा। वहीं मेसी ने दूसरे हाफ में 80वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।



मेसी ने मैच के बाद कहा, “यहां बहुत सारी भावनाएं हैं। मैंने इस मैदान पर बहुत कुछ अनुभव किया है। अर्जेंटीना में अपने लोगों के साथ खेलना हमेशा खुशी देता है।



हम कई सालों से एक-एक मैच का आनंद ले रहे हैं। मैं बहुत खुश हूं कि इसे इस तरह खत्म कर पाया, यही मेरा सपना था।”



38 साल के मेसी दिसंबर में भारत दौरे पर आएंगे। दौरा 12 दिसंबर से कोलकाता से शुरू होगा और अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली में जारी रहेगा। यह दौरा 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ खत्म होगा।

मेसी 2011 के बाद पहली बार भारत आएंगे। उस साल वे अर्जेंटीना टीम के साथ कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में वेनेजुएला के खिलाफ दोस्ताना मैच खेल चुके हैं।



