

स्थान : लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिशा-निर्देशों पर देशभर में चल रहे संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत राजस्थान कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व मंत्री संगीता बेनीवाल शुक्रवार को पर्यवेक्षक के रूप में उत्तराखंड के लोहाघाट पहुंचीं।
लोहाघाट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्तमान जिला अध्यक्ष पूरन सिंह कठायत के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया।



एनक्सी भवन लोहाघाट में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अमर सिंह कोटियाल ने की, जबकि संचालन शैलेन्द्र राय द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे, विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।


कार्यक्रम के दौरान संगीता बेनीवाल ने चंपावत जिले के कांग्रेस जिला अध्यक्ष चयन के लिए कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की। इस प्रक्रिया में कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की, जिनमें वर्तमान जिला अध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, पूर्व अध्यक्ष ओंकार धोनी, डॉ. महेश ढेक, पुष्कर बोहरा, भुवन चौबे एवं यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष चिराग फर्त्याल प्रमुख रहे।



बेनीवाल ने कहा कि अब कांग्रेस में जिला अध्यक्षों का चयन सिफारिश से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की राय व जमीनी हकीकत के आधार पर होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य कांग्रेस को हर जिले में मजबूत करना है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि रायशुमारी के बाद कार्यकर्ताओं की राय ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजी जाएगी और अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने की अपील की।

उत्तराखंड सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बेनीवाल ने कहा, “राज्य की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, बेरोजगारी और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। सड़कें जर्जर हालत में हैं और जनता परेशान है।” उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी और पार्टी एक जोरदार वापसी करेगी।


कार्यक्रम के उपरांत संगीता बेनीवाल होटल देवलोक इन पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक बार फिर जिला अध्यक्ष पद के लिए विस्तृत चर्चा कर उनकी राय जानी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में नवचेतना व उत्साह का संचार किया।



