

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन क्रिकेट टीम की जर्सी स्पॉन्सरशिप के रेट बढ़ा दिए हैं। नए रेट्स के अनुसार, बोर्ड द्विपक्षीय (बाइलैटरल) सीरीज के लिए प्रति मैच 3.5 करोड़ रुपए लेगा, जबकि मल्टीलैटरल टूर्नामेंट (ICC, एशिया कप और ट्राई सीरीज) के लिए प्रति मैच 1.5 करोड़ रुपए होंगे। इससे पहले यह रेट क्रमश: 3.17 करोड़ और 1.12 करोड़ रुपए थे।




क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक नई दरें एशिया कप के बाद लागू होंगी। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे BCCI की कमाई 400 करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है, हालांकि अंतिम रकम स्पॉन्सरशिप की बोली के नतीजों पर निर्भर करेगी।



BCCI ने यह फैसला ड्रीम-11 के करार खत्म होने के बाद लिया है। सरकार के ऑनलाइन गेमिंग एक्ट, 2025 लागू होने के बाद बोर्ड ने ड्रीम11 के साथ अपना करार समाप्त कर दिया था।



बोर्ड ने मंगलवार, 2 सितंबर को जर्सी स्पॉन्सरशिप के लिए टेंडर जारी किए। टेंडर में स्पष्ट किया गया कि अल्कोहल, तंबाकू, सट्टेबाजी, रियल मनी गेमिंग (फैंटेसी स्पोर्ट्स गेमिंग को छोड़कर), क्रिप्टोकरेंसी और पोर्नोग्राफी या किसी भी तरह के ऐसे ब्रांड जो सार्वजानिक नैतिकता को ठेस पहुंचाते हों, उन्हें इस बोली में शामिल नहीं किया जाएगा। BCCI ने यह जानकारी अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर दी।


चूंकि स्पॉन्सरशिप की बोली लगाने की अंतिम तारीख 16 सितंबर तय की गई है और टेंडर खरीदने की आखिरी तारीख 12 सितंबर है, इसलिए भारतीय टीम एशिया कप में बिना किसी स्पॉन्सरशिप के उतरेगी। एशिया कप की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है।


