जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी ने ली शपथ, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या रहीं मुख्य अतिथि

जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी ने ली शपथ, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या रहीं मुख्य अतिथि

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : अल्मोड़ा

जिला पंचायत कार्यालय अल्मोड़ा में आयोजित एक गरिमामय समारोह में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा और उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी ने अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में जनपद के सभी नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों ने भी शपथ ली।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शपथ दिलाई। इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने अन्य सदस्यों को पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई।

समारोह की मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि, “ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास में जिला पंचायत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और गंभीरता से करना चाहिए।”

मंत्री रेखा आर्या ने जनप्रतिनिधियों को यह भरोसा भी दिलाया कि ज़रूरत पड़ने पर विकास कार्यों के लिए उन्हें सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और समर्थन मिलेगा।

समारोह का संचालन अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश भी पढ़कर सुनाया, जिसमें उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को जनसेवा और विकास के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जागेश्वर विधायक मोहन सिंह महरा, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, अल्मोड़ा मेयर अजय वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जिला पंचायत कर्मचारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।