पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी, बद्रीनाथ धाम में ठंड ने दी दस्तक

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी, बद्रीनाथ धाम में ठंड ने दी दस्तक

लोकेशन,,बदरीनाथ

रिपोर्ट,,संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ

चमोली के सीमांत इलाकों में शीतलहर, सितंबर में ही गर्म कपड़ों की शुरुआत

चमोली। पहाड़ी जनपदों में मानसूनी बारिश का सिलसिला जहां थमने का नाम नहीं ले रहा, वहीं अब उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बीच चमोली जनपद के सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ और आसपास के इलाकों में ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है। देर रात से लगातार हो रही झमाझम बारिश और पहाड़ी चोटियों पर बर्फबारी ने वातावरण को शीतल बना दिया है।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों के अनुसार, बद्रीनाथ धाम से लेकर ज्योतिर्मठ तक ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। बद्रीनाथ पुरी के होटल कारोबारी राम नारायण भंडारी ने बताया कि धाम के ऊपरी इलाकों में देर रात से बर्फबारी जारी है, जिससे तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम ठंडा होते ही लोग जैकेट और स्वेटर में लिपटे नजर आ रहे हैं।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात
वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार मानसूनी बारिश के साथ-साथ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का भी असर देखा जा रहा है, जिसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन का पहला हिमपात दर्ज किया गया है। चिनाप वैली, कागभुशंडी क्षेत्र, नीलकंठ पर्वत, नर-नारायण, कुबेर पर्वत, माणा घाटी और सतोपंत जैसे इलाकों में लगातार बर्फ गिर रही है। इससे न केवल धाम का तापमान लुढ़का है बल्कि चारों ओर शीतलहर का असर भी दिखाई देने लगा है।

सितंबर में ही सर्दियों का एहसास
सीमांत क्षेत्रों के लोग बताते हैं कि आमतौर पर अक्टूबर-नवंबर में बर्फबारी और ठंडक बढ़ती है, लेकिन इस बार सितंबर माह में ही हालात बदल गए हैं। ज्योतिर्मठ और बद्रीनाथ धाम में स्थानीय लोग अब गर्म कपड़े और ऊनी जैकेट निकालने लगे हैं। दुकानों पर भी सर्दियों से जुड़े सामान की मांग बढ़ने लगी है।

धाम में दर्शनार्थियों की बढ़ी मुश्किलें
बर्फबारी और लगातार बारिश के कारण धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां ठंड के चलते लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार बारिश ने रास्तों को फिसलन भरा बना दिया है। बदरी पुरी क्षेत्र में होटल व्यवसायियों के अनुसार इस मौसम ने पर्यटकों की संख्या पर भी असर डाला है।

प्रशासन अलर्ट मोड में
प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को अलर्ट किया है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जा रही है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की अपील की गई है।

पहाड़ों पर जारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने यह साफ कर दिया है कि इस बार सर्दी समय से पहले दस्तक दे रही है।