चमोली में लगातार बारिश से कई मार्ग अवरुद्ध, स्कूल-कॉलेज बंद

चमोली में लगातार बारिश से कई मार्ग अवरुद्ध, स्कूल-कॉलेज बंद

चमोली: जिले में रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण यातायात और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने जिले के स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश घोषित किया है।

सूचना के अनुसार, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंचनगंगा, बयानरपानी और चटवापीपल नंदप्रयाग तथा कामेडा मार्ग अवरुद्ध हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले 58 मार्ग भी बंद हैं, जिन्हें सुचारु करने का प्रयास प्रशासन द्वारा लगातार किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और केवल आवश्यक यात्रा करने की अपील की है। वहीं, सड़क किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आने वाले 24 घंटे में जिले में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम लगातार मॉनिटरिंग और राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।