

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

लालकुआँ क्षेत्र के पदमपुर देवलिया गांव में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बीएलएम एकेडमी स्कूल की बस, जिसमें 35 बच्चे सवार थे, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसा उस समय हुआ जब बस चालक ने दूसरी स्कूल बस को साइड देने की कोशिश की।



हादसे में लगभग 15 बच्चे घायल हो गए, जबकि बस परिचालक के पांव में गंभीर चोट आई है और फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहनों में बैठाकर हल्द्वानी के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ कई बच्चों को भर्ती किया गया है।



अभिभावकों में हड़कंप
बस पलटने की सूचना मिलते ही स्कूल के पास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चे घायल होने की खबर सुनकर अभिभावक गहरी चिंता में स्कूल पहुँच गए और अपने बच्चों की कुशलक्षेम पूछने लगे।



स्थानीय सहायता
घटनास्थल स्कूल से बिल्कुल पास होने के कारण ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत-बचाव शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों के सहयोग से ही बच्चों और परिचालक को अस्पताल पहुँचाया गया।

फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और डॉक्टरों ने बच्चों की हालत को खतरे से बाहर बताया है।



