

नैनीताल। मल्लीताल के मोहन को चौराहे पर स्थित ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस भवन में शुक्रवार रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। लकड़ी से बने इस पुराने भवन में आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग धीरे-धीरे शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। भवन में इतिहासकार अजय रावत की बहन पक्ष का परिवार भी रहता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि वहां मौजूद निखिल और उनकी माता सुरक्षित बाहर निकल आए।



आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने बाल्टियों, छोटे पाइप और दुकानों के फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने दमकल विभाग को तुरंत फोन कर बुलाया और यहां तक कहा कि “हमारे वाटर टैंक में काफी पानी है, इससे आग बुझाइए।” लेकिन दमकल के देर से पहुंचने के कारण भवन बुरी तरह जल गया।



दमकल की छोटी गाड़ी और एक बड़ा वाहन लगभग आधे घंटे बाद पहुंचे, जबकि दूसरा बड़ा वाहन करीब 10:45 बजे मौके पर पहुंचा। इसके बाद पोस्ट ऑफिस मार्ग पर लगे हाइड्रेंट से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पर आंशिक ही काबू पाया जा सका था।



ओल्ड लंदन हाउस, जो अलग-अलग हिस्सेदारों की संपत्ति है, में नीचे की मंजिल पर कई दुकानें और ऊपर आवासीय हिस्से बने हुए हैं। इसके आसपास अन्य मकान और एक गली भी स्थित है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में भवन में वेल्डिंग का काम चल रहा था, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है।


स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की देरी पर नाराजगी जताई और कहा कि अगर समय पर कार्रवाई होती तो नुकसान को काफी हद तक टाला जा सकता था। फिलहाल प्रशासन आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटा हुआ है।



