

स्थान…… हल्द्वानी

रिपोर्ट…… ऋषि कपूर

हल्द्वानी शहर गणेश महोत्सव की रंगत में रंग चुका है। मंगलवार को पटेल चौक के राजा का भव्य स्वागत किया गया। गणपति बप्पा की शोभायात्रा बैंड-बाजों की गूंज और भक्तों की जोरदार जयकारों के बीच धूमधाम से निकाली गई।



श्रद्धालु हाथों में नारियल, फूल और मिठाई लिए बप्पा के स्वागत में खड़े नजर आए। शोभायात्रा के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय और उल्लास से भरा रहा। गणेश भगवान की प्रतिमा को पारंपरिक पूजा-अर्चना और विधि-विधान के साथ पटेल चौक स्थित पंडाल में विराजमान कराया गया।



पंडाल में भगवान गणेश की आकर्षक सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से पूरा परिसर जगमगा उठा। श्रद्धालु परिवार संग पंडाल पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलकामनाएं मांग रहे हैं।


स्थानीय गणेश महोत्सव समिति ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या और विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व को सफल बनाएं।


पटेल चौक के राजा का आगमन पूरे शहर में श्रद्धा और उमंग का संदेश दे रहा है। महोत्सव के पहले ही दिन हल्द्वानी में भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला।




