खटीमा में अतिक्रमण के खिलाफ चला प्रशासन का डंडा, SDM तुषार सैनी की अगुवाई में कार्रवाई

खटीमा में अतिक्रमण के खिलाफ चला प्रशासन का डंडा, SDM तुषार सैनी की अगुवाई में कार्रवाई

स्थान – खटीमा/उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

खटीमा नगर पालिका क्षेत्र में लगातार बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख़्ती दिखाते हुए आज व्यापक कार्रवाई की। उप जिलाधिकारी तुषार सैनी के नेतृत्व में तहसीलदार वीरेंद्र सजवान और नगर पालिका प्रशासन की टीम ने कंजाबाग चौराहा, सितारगंज रोड और पुरानी तहसील रोड सहित कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।

विशेष रूप से पुरानी तहसील रोड में व्यापारियों द्वारा सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए ट्रिपल और दुकानों के आगे फैले सामान को हटाया गया। कई व्यापारियों का सामान जब्त किया गया और उन्हें चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार का अतिक्रमण करने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि कंजाबाग रोड, सितारगंज रोड और खड़ंजा रोड में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तहसीलदार और नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ मिलकर की गई। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों के सामान को जब्त किया गया और उन्हें निर्देशित किया गया कि दोबारा ऐसी गलती न करें।

नगर क्षेत्र में अतिक्रमण एक गंभीर समस्या बन चुकी है। व्यापारी अपने व्यापार को बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क तक सामान फैलाकर रखते हैं, जिससे आम जनता को आवागमन में परेशानी होती है। इससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां आम नागरिकों ने राहत की सांस ली, वहीं अतिक्रमणकारी व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस अभियान को कितनी गंभीरता और निरंतरता से आगे बढ़ाता है।