

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के विलासपुर में बर्ड फ्लू (H5N1) संक्रमण की पुष्टि के बाद चम्पावत जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने संक्रमण की रोकथाम के लिए बाहर से आने वाली मुर्गियों, अंडों और फीड पर रोक लगा दी है।



जिलेभर में 15 रैपिड रिस्पॉन्स टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार जांच और सघन चेकिंग कर रही हैं। पशुपालन विभाग की टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से मुर्गियों के सैंपल भी ले रही हैं।



अपर जिलाधिकारी जयवर्द्धन शर्मा ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में बाहर से आने वाले वाहनों की सख्त चेकिंग की जा रही है और इसके लिए विशेष चेक पोस्ट बनाए गए हैं। साथ ही चिकित्सा और पशुपालन विभाग मिलकर मांस की दुकानों की जांच कर रहे हैं और उन्हें स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।



मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना गर्ब्याल ने बताया कि जिले में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी गई है।


पशुपालन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें नियमित रूप से बूचड़खानों की जांच कर रही हैं और मुर्गियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है।


इसके अलावा पॉल्ट्री फार्म मालिकों को प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य किया गया है, जिसमें यह दर्ज होगा कि वे अपना फार्म यहीं से संचालित कर रहे हैं। साथ ही उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच भी करानी होगी।



