चमोली के थराली में बादल फटने से तबाही, कई घरों में मलबा घुसा, राहत कार्य जारी

चमोली के थराली में बादल फटने से तबाही, कई घरों में मलबा घुसा, राहत कार्य जारी

स्थान : देहरादून

उत्तरकाशी के धारली में बादल फटने की घटना के बाद अब चमोली जिले की तहसील थराली में देर रात बादल फटने से भारी तबाही की खबर है। थराली के टूनरी गदेरा में बादल फटने से एसडीएम आवास समेत कई मकान मलबे में दब गए। तहसील परिसर में गाड़ियां और बाजार की दुकानें भी मलबे से क्षतिग्रस्त हो गईं।

डीएम संदीप तिवारी ने बताया कि थराली बाजार, कोटदीप, चेपड़ो और सागवाड़ा सहित कई इलाकों में नुकसान हुआ है। घरों में मलबा भर गया है और सड़कों पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। कई वाहन मलबे के साथ बहकर घरों तक पहुंच गए। थराली-सागवाड़ा मार्ग और थराली-ग्वालदम मार्ग भी बंद हो गया है।

सूचना के अनुसार, सागवाड़ा गांव में एक व्यक्ति और 20 वर्षीय युवती मलबे में दब गई है। वहीं थराली के चेपड़ों में तीन से अधिक दुकानें बह गईं। राड़ीबगड़ में एक बरसाती गदेरा अचानक उफान पर आ गया, जिससे एसडीएम आवास मलबे से दब गया। गनीमत रही कि एसडीएम और परिवार सुरक्षित स्थान पर चले गए।

राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और लगातार तलाश व बचाव कार्य कर रही हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थराली, देवाल और नारायणबगड़ के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा—

“जनपद चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना मिली। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस राहत व बचाव कार्य में जुटे हैं। मैं स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं और स्थानीय प्रशासन से निरंतर संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

मुख्य सचिव आनन्द वर्धन ने भी आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से हर संभव मदद मौके पर पहुंचाई जा रही है।