

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


उत्तराखंड की विपक्षी पार्टी कांग्रेस के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आज लालकुआँ के मुख्य चौराहे पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए और कांग्रेस विधायकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस का पुतला भी दहन किया गया।



विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान विधायक आपदा जैसी कठिन परिस्थितियों में पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका तक नहीं मिला। इसके विपरीत कांग्रेस विधायकों ने सदन में हंगामा खड़ा कर दिया और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुँचाया।


उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायकों ने सदन में अमर्यादित भाषा और अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे विधानसभा सत्र बाधित हुआ। बिष्ट ने मांग की कि कांग्रेसी विधायकों की तत्काल सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए।



प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुँचाई है और जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात किया है।

मुख्य चौराहे पर हुआ यह प्रदर्शन कांग्रेस के खिलाफ भाजपा के तीखे आक्रोश का प्रतीक बन गया।


